चन्दन शर्मा की रिपोर्ट
पटना :नीतीश कुमार ने आज एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके साथ ही सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। बिहार में जेडीयू और आरजेडी गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से एनडीए की सरकार बन गई है। ऐसे में अब जब नीतीश कुमार ने अपनी सरकार भाजपा के साथ मिलकर बना ली है तो जातिगत समीकरण साधने के लिए विभिन्न जातियों से मंत्री बनाए गए हैं। जिन-जिन को मंत्री बनाया गया है उनकी सूची नीचे दी गई है।
मुख्यमंत्री- नीतीश कुमार (जदयू)
उप मुख्यमंत्री- सम्राट चौधरी (भाजपा)
उप मुख्यमंत्री- विजय कुमार सिन्हा (भाजपा)
मंत्री-
बिजेंद्र प्रसाद यादव (जदयू)
विजय कुमार चौधरी (जदयू)
प्रेम कुमार (भाजपा)
श्रवण कुमार (जदयू)
संतोष कुमार सुमन (हम)
सुमित कुमार सिंह (निर्दलीय)
‘बिहार के हित में लिया गया ये फैसला हम व्यर्थ नहीं जाने देंगे’
बता दें कि नए समीकरण के मुताबिक बीजेपी ने विभिन्न जातियों से मंत्री बनाए हैं। जिसमें कुर्मी जाती से 2 मंत्री, 2 भूमिहार जाती से, 1 राजपूत, 1 यादव, 1 पिछड़ा, 1 अतिपिछड़ा और 1 महादलित जाती से मंत्री बनाए गए हैं। नीतीश ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद घोषणा की कि जल्द ही नए कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी BJP के साथ काम किया है इस बार भी करेंगे, बिहार के हित में लिया गया ये फैसला हम व्यर्थ नहीं जाने देंगे।
नई सरकार में बनाए गए दोनो डिप्टी सीएम कौन हैं
बता दें कि नीतीश कुमार ने आज नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने पहली दफा साल 2000 में सीएम पद की शपथ ली थी। बिहार की इस नई सरकार में दो डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। नई सरकार में बनाए गए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह कोइरी जाति से आते हैं। वहीं, दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिंहा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे थे। बता दें कि वह लखीसराय विधानसभा सीट से 2010 से वह विधायक बने हुए हैं।
नीतीश कुमार के नौवीं बार शपथ लेने के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जेडीयू का एनडीए में स्वागत किया है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद जेपी नड्डा ने कहा कि नीतीश कुमार और जेडीयू का असली गठबंधन एनडीए के साथ ही था। 2020 में जनता ने हमारे गठबंधन को ही बहुमत दिया था और अब एक बार फिर से हम जनता की सेवा करेंगे। जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार का विकास केवल और केवल एनडीए और डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है।
2019 से बेहतर प्रदर्शन 2024 में होगा:जेपी नड्डा
प्रेस कांफ्रेंस में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नई एनडीए सरकार बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि यहां जब-जब हमारी सरकार बनती है, तब यहां कानून व्यवस्था में सुधार आता है। अपराध और अपराधियों पर काबू पाया जाता है। लोगों को रोजगार मिलता है। जेपी नड्डा ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में यहां की जनता एक बार फिर से हमें चुनेगी और 2019 से भी ज्यादा सीटें जिताकर सांसदों को दिल्ली भेजेगी।
इस शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान।
आज नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सांसद सह लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को दिल्ली से साथ में ही पटना लाए जहां चिराग भी इस शपथ ग्रहण का साक्षी बने।