*मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बैठक*
======================
*राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों की सौंपी गई जिम्मेदारी*
======================
*28 से 30 सितंबर तक झारखंड में रहेंगे माननीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद*
======================
माननीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय दौरे पर 28 सितंबर को रांची पहुंच रहे हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार उनके स्वागत से लेकर विदाई तक के कार्यक्रमों को लेकर मुख्य सचिव डॉ. डी के तिवारी ने अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समय रहते एक-एक बिंदू पर समन्वय बना कर तैयारियों को पूरा कर लें। मुख्य सचिव झारखंड मंत्रालय में अपनी अध्यक्षता में राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों संग बैठक कर रहे थे।
*28 की शाम भुवनेशवर से रांची आएंगे*
राष्ट्रपति 28 सितंबर की शाम भुवनेश्वर से रांची पहुंचेंगे। राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 29 सितंबर को वे गुमला के विशुनपुर में विकास भारती के कार्यक्रम में शिरकत करने जाएंगे। वहां से देवघर बाबा वैद्यनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे और वापस रांची लौट आएंगे। 30 सितंबर को वे रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे और उसी दिन दिल्ली लौट जाएंगे।
*राष्ट्रपति का एकल पुष्प देकर होगा स्वागत*
राष्ट्रपति के रांची आगमन पर हवाई अड्डा पर एकल पुष्प देकर उनका स्वागत होगा। पुष्प प्लास्टिक की जगह कागज से कवर होगा। उनके सम्मान में सेना के जवान गार्ड ऑफ ऑनर देगें। सेना के लोग ही राष्ट्रगान भी करेंगे।
बैठक में मुख्य सचिव के अलावा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, डीजीपी श्री कमल नयन चौबे सहित अन्य विभागों के सचिव और पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।