निर्माणाधीन पीएम आवास की नौवीं मंजिल से गिरकर 14 वर्षीय किशोर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-1 बी स्थित निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास परियोजना में शनिवार शाम नौवीं मंजिल से गिरकर 14 वर्षीय सचिन मुर्मू की मौत हो गई। मृतक साधुडेरा का निवासी था और उसके पिता मसांग मुर्मू दिहाड़ी मजदूर हैं।
घटना के बाद परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के पिता का दावा है कि सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद एक व्यक्ति उन्हें देखकर भाग गया, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोर खेलते समय या फिसलने के कारण भी गिरा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन पीएम आवास परिसर में पिछले छह वर्षों से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। परिसर में न तो प्रभावी घेराबंदी है, न सुरक्षा गार्डों की तैनाती और न ही ऊपरी मंजिलों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था। लोगों का दावा है कि यहां पहले भी तीन लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।
बिरसानगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और प्रशासन से परिसर में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

