जमशेदपुर। जिला के अग्रणी बैंक बैंक ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों के असंवेदनशील रवैये के कारण जिला में कोविड-19 की आधुनिक मशीन अब तक नहीं लग पायी है। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा 21 लाख रुपये की राशि विभिन्न किस्त में बैंक ऑफ इंडिया, जमशेदपुर के चेक के माध्यम से प्रिन्सिपल एम.जी.एम. कॉलेज को प्रदान किया था, लेकिन आज के समय में जब चेक 24 घंटे के अंदर क्लियर होता है, ऐसे समय में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम जैसी संस्था के चेक जो कि एम.जी.एम. जैसी संस्था को प्रदान किया गया, तो वो भी तीन बार इमेज नॉट क्लियर कहकर लौटाया गया। आज जब बैंक ऑफ इंडिया के एल.डी.एम. को इसकी सूचना दी गयी तो उन्होने इसपर आश्चर्य जताया और अपने पदाधिकारियों के रवैये के प्रति रोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पदाधिकारियों की जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी। जहां कोविड-19 जांच को तेज करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं, वैसे में इस प्रकार के बैंक के पदाधिकारी सरकार के प्रयासों को कमजोर करने में लगे हैं।