विजय भारती की रिपोर्ट
भगवानपुर (बेगूसराय) त्रिस्तरीय बिहार पंचायत चुनाव का दूसरा चरण तथा बेगूसराय जिले का पहला चरण छिटपुट घटनाओं के साथ बुधवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। सुबह सात बजे प्रखंड क्षेत्र स्थित कुल 216 मतदान केन्द्रों पर मतदान आरंभ हुए। आज प्रखंड के 478 पदों के लिए 1648 उम्मीदवारों का भाग ई वी एम मशीन तथा मतदान बाक्स में बंद हो गया,जिसका मतगणना बेगूसराय जिला मुख्यालय स्थित बाजार समिति के बज्र गृह में एक और दो अक्टूबर को होगा। सुबह पांच बजे से ही सभी मतदान केन्द्रों पर ई वी एम मशीन पहुंच गई थी, लेकिन महेशपुर पंचायत के वार्ड संख्या दस का मतदान ई वी एम मशीन खराब रहने से लगभग ढाई घंटे बाधित रहा।
वहीं मध्य विद्यालय पासोपुर मतदान केन्द्र संख्या ,65 पर भी ई वी मशीन खराब रहने से कुछ देर मतदान प्रभावित हूआ। तकिया पंचायत स्थित मतदान केन्द्र संख्या 90 पर बायोमेट्रिक मशीन के खराब रहने पर पीठासीन पदाधिकारी के आदेश पर मतदान कार्य आरंभ हुआ वहीं हण्डालपुर गांव स्थित मतदान केन्द्र पर बायोमेट्रिक मशीन का गति धीमी होने का आरोप मतदाताओं ने लगाया। आर टी आई कार्यकर्ता रामपुकार चौरसिया ने कहा कि मध्य विद्यालय चंदौर बुथ पर बायोमेट्रिक मशीन में फिंगर नहीं आने के कारण बहुत लोगों को मतदान केन्द्र से वापस लौटा दिया गया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय पाली खंझापुर स्थित बुथ के बाहर जमें रंजीत कुमार तथा अन्य लोगों ने प्रखंड प्रशासन पर एक प्रत्याशी विशेष को सहयोग करने का आरोप लगाया। मतदान के दौरान जिलाधिकारी अरविंद कुमार, आरक्षी अधीक्षक अवकाश कुमार,डी डी सी सुशांत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश,डी सी एल आर तेघड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में अवस्थित मतदान केन्द्रों का जायजा लिया। महेशपुर पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकसदात स्थित मतदान केन्द्र के बाहर हो हंगामा तथा पुलिस पब्लिक में झरप की खबर है वहीं एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की भी खबर मिली है।
प्रखंड क्षेत्र में 121 मतदान केन्द्र अतिसंवेदनशील,16 मतदान केन्द्र नक्सल प्रभावित 56 मतदान केन्द्र संवेदनशील तथा 23 मतदान केन्द्र सामान्य घोषित थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है जो अपुष्ट है कारण मतदान के दौरान पदाधिकारी चलंत दूरभाष रीसीव नहीं कर रहे थे। चुनाव के दौरान सभी मतदान केन्द्रों पर महिला पुरुष पुलिस तैनात देखी गई। कहीं कहीं दो गुटों के बीच तू-तू मैं-मैं होते भी देखा गया। बायोमेट्रिक मशीन की गति धीमी रहने के कारण उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकसदात सहित कई अन्य मतदान केन्द्रों पर देर शाम तक मतदान चलता रहा। उक्त मतदान केन्द्र का गेट पुलिस ने पांच बजे बंद कर दिया था उसके बाद मतदान करने आए लोगों को पुलिस ने वापस कर दिया। चुनाव के दौरान मोटरसाइकिल सवार तथा चार पहिया वाहन से पुलिस पेट्रोलिंग लगातार जारी रहा जिसके कारण मतदान केन्द्रों पर शांति बनी रही और मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।