रतन कुमार की रिपोर्ट
खुटौना (मधुबनी)। बहुचर्चित राम रतन कुशवाहा हत्याकांड के एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। लौकहा थाना क्षेत्र के बड़ा उढ़वा के धर्मेन्द्र कुमार महतो को उसके घर से पुलिस ने गुरुवार को दुबारा गिरफ्तार कर लिया। ललमनियां थाना क्षेत्र के घोड़मोहना निवासी एवं जदयू किसान प्रकोष्ठ तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष श्री कुशवाहा की मौत संदिग्ध हालत में 24 अप्रैल, 2020 को हो गई थी। शुरु में मौत का कारण दुर्घटना बतायी जा रही थी। लेकिन व्यापक पुलिस अनुसंधान के बाद मौत के मामले को हत्या के मामले में बदल दिया गया। धर्मेन्द्र कुमार महतो पहले भी इसी मामले में जेल जा चुका है। वह जमानत पर था, लेकिन कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द करते हुए गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया। इसीलिए उसे दुबारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस कांड का एक अन्य अभियुक्त लौकहा थाना क्षेत्र के नहरी गांव का बाबू सल्हैता अभी भी फरार है।