
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत सोमवार को सदर अस्पताल रामगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा एवं उपायुक्त ऋतुराज ने नवजात बच्चियों की माताओं को सम्मानित करते हुए अभियान से संबंधित किट वितरित की और बेटियों के जन्म पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर शशि प्रकाश झा ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का जनआंदोलन है। उन्होंने बेटियों को समान अवसर देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की अपील की।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण पर निर्भर करती है। जिला प्रशासन शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से बेटियों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान माताओं को स्तनपान, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण और नवजात शिशुओं की देखभाल की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलको, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज, अस्पताल प्रबंधक अंतरा झा सहित स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

