बैंक ऑफ बड़ौदा पर 40 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, पीड़ित ने सिदगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के म्युचुअल फंड प्रभारी संतोष कुमार व अन्य संबंधित कर्मचारियों पर करीब 40 लाख रुपये के निवेश में धोखाधड़ी एवं गबन का आरोप लगाते हुए सिदगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
बदल कुमार कुंडू ने बताया कि वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। विश्वास में आकर उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक लगभग 40 लाख रुपये का निवेश किया। उनका आरोप है कि जब मकान निर्माण के लिए निवेश की राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में मात्र 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं।
पीड़ित का कहना है कि शाखा प्रबंधक से इस संबंध में जानकारी मांगने पर उन्हें अलग-अलग बातें बताकर टाल दिया गया। उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक न तो उनकी समस्या का समाधान हुआ और न ही जमा राशि वापस मिली।
आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों ने उनकी मेहनत की कमाई का गबन किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी पूरी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस आवेदन के आधार पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर रही है। मामले में बैंक की ओर से भी अपना पक्ष रखा गया है।
*बॉक्स आइटम :*
*बैंक ऑफ बड़ौदा का पक्ष*
“निवेशकों के हितों की हर हाल में रक्षा की जाएगी”
बैंक ऑफ बड़ौदा, गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक अनंत कुमार ने कहा कि बैंक निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच पुलिस कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संबंधित म्यूचुअल फंड बैंक ऑफ बड़ौदा की अनुषंगी इकाई बीएनपी परिबा म्यूचुअल फंड से जुड़ा था, जिसके लिए शाखा में एक अलग काउंटर संचालित किया जाता था। उनके अनुसार, संतोष कुमार नामक व्यक्ति पिछले 10-12 वर्षों से इस कार्य से जुड़ा था और उसने ग्राहकों से व्यक्तिगत संबंध बनाकर उनका विश्वास जीता। आरोप है कि इसी विश्वास का लाभ उठाकर उसने कुछ ग्राहकों से सीधे नकद राशि ली।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि अब तक बैंक के रिकॉर्ड में ग्राहकों द्वारा संतोष कुमार को नकद दिए जाने का कोई आधिकारिक विवरण उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद बैंक पूरे मामले में जांच एजेंसियों को सहयोग कर रहा है तथा निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

