विद्यालयों में स्वच्छता कार्यशाला, बच्चों को डेंगू व मौसमी बीमारियों से बचाव के बताए उपाय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित “स्वच्छता अपनाओ–बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत शहर के विद्यालयों में विशेष जन-जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक कर डेंगू एवं मानसून के दौरान फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम करना है।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के जीवन चक्र, लार्वा की पहचान तथा उसे समय रहते नष्ट करने के तरीकों की जानकारी दी गई। बच्चों को घर, स्कूल एवं आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने, सप्ताह में एक दिन “ड्राई डे” मनाकर पानी की टंकियों, कूलर, गमलों व अन्य पात्रों की सफाई करने तथा पूरी बांह के कपड़े पहनकर मच्छरों से बचाव करने की सलाह दी गई।
इस दौरान बताया गया कि बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या डेंगू के अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी डेंगू एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान के माध्यम से लोगों से स्वच्छता अपनाकर स्वस्थ एवं स्वच्छ जमशेदपुर के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।

