मोदी सरकार हर मोर्चे पर घिरी, देश-विदेश में हो रही आलोचना : सुधीर कुमार पप्पू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सामाजिक चिंतक एवं अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने एक बयान जारी कर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के “अच्छे दिन” अब समाप्त हो चुके हैं और उसे देश से लेकर विदेश तक आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
सुधीर कुमार पप्पू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों के दौरान भी विरोध के स्वर सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित मामलों, महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों को लेकर भी जनता सरकार से नाराज है। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में युवा और छात्र सरकार की नीतियों के विरोध में आंदोलनरत हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार ने हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद, नोटबंदी, कोरोना काल, ईडी-सीबीआई के इस्तेमाल, बेरोजगारी, यूजीसी, जातीय मुद्दों, महंगाई, गैस और पेट्रोल की कीमतों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसे विषयों पर जनता को उलझाए रखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
सुधीर कुमार पप्पू ने मणिपुर की स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य लंबे समय से हिंसा की चपेट में है, जबकि केंद्र सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के भीतर सत्ता को लेकर खींचतान चल रही है और मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल बगावत के डर से नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता संगठन से दूर होते जा रहे हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि केंद्र सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।

