5 महीने से वेतन नहीं मिलने पर एनएचएम कर्मचारियों का सदर अस्पताल में धरना
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के सदर अस्पताल परिसर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी एनएचएम के कर्मचारियों ने अपनी लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में जिले भर के एनएचएम कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों को झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का भी समर्थन मिला।
जमशेदपुर के सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एनएचएम कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर अपने पांच महीने से लंबित वेतन के भुगतान की मांग उठाई। धरना में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से पहुंचे कर्मचारियों ने भाग लिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है, वहीं बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। बढ़ती महंगाई के बीच बिना वेतन के जीवन-यापन करना बेहद कठिन हो गया है।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, कर्मचारियों के समर्थन में पहुंचे झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र नाथ ठाकुर ने कहा कि पांच महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महासंघ पूरी मजबूती के साथ एनएचएम कर्मचारियों के साथ खड़ा है और इस मामले को लेकर जिला उपायुक्त एवं सिविल सर्जन से वार्ता कर जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगा।
फिलहाल, एनएचएम कर्मचारियों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करेगा।

