हज यात्रा से लौटे वरिष्ठ कांग्रेस नेता रियाजुद्दीन खान का भव्य स्वागत, राम प्रसाद बिस्मिल को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : वरिष्ठ कांग्रेस नेता रियाजुद्दीन खान के पवित्र हज यात्रा संपन्न कर मक्का-मदीना से लौटने के उपलक्ष्य में टेल्को स्थित प्रदेश कांग्रेस कैंप कार्यालय में स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सर्वोदय समिति के सदस्यों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया तथा शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य मनोज कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, ऑल इंडिया इंटक के सचिव विजय खान, वरिष्ठ इंटक नेता राणा सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव एवं आशुतोष सिंह, जिला सचिव किशोर प्रभात, फिरोज खान, इंटक नेता सुबोध सिंह, मृत्युंजय गुप्ता, समाजसेवी शौकत अली, अमित सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
समारोह में वक्ताओं ने रियाजुद्दीन खान का स्वागत करते हुए गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। हज यात्रा से लौटे हाजी रियाजुद्दीन खान एवं उपस्थित लोगों ने जमशेदपुर, झारखंड और देश की सुख-समृद्धि तथा शांति के लिए सामूहिक दुआ की। साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रहने की कामना की गई। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच पवित्र खजूर का तबर्रुख वितरित किया गया।
इसी अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद राम प्रसाद बिस्मिल की जयंती भी मनाई गई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी वीरता, देशभक्ति और बलिदान को स्मरण किया।

