चालान विवाद पर बवाल: युवक ने एसएसपी कार्यालय पहुंच जताया विरोध, वायरल वीडियो से बढ़ी हलचल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: ट्रैफिक जांच के दौरान काटे गए 10 हजार रुपये के चालान को लेकर विवाद गहरा गया है। सोनारी निवासी संजय सिंह ने पुलिस पर गलत तरीके से शराब पीकर वाहन चलाने का चालान काटने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि उन्होंने शराब का सेवन नहीं किया था, बल्कि केवल शराब की बोतल साथ ले जा रहे थे।
संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि चालान की राशि सरकारी खाते के बजाय एक पुलिसकर्मी के निजी खाते में ऑनलाइन जमा कराने को कहा गया। इस मामले में उन्होंने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर संबंधित पुलिसकर्मी निजी खाते में राशि जमा होने की बात स्वीकार करता सुनाई दे रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले के तूल पकड़ने के बाद ट्रैफिक विभाग ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

