जमशेदपुर के बरौदा घाट में 20 वर्षीय युवक का शव बरामद, डूबने से मौत की आशंका; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवादाता
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौदा घाट नदी तट से शनिवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे कुछ युवक नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को नदी में डूबते हुए देखा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल प्रयास कर युवक को नदी से बाहर निकाला और नदी किनारे पत्थर पर लिटाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवकों ने बागबेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान करने तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बरौदा घाट नदी तट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शाम होते ही यह इलाका शराबियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रतिदिन शाम 6 बजे से देर रात तक यहां लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जहां शराब सेवन के दौरान अक्सर विवाद, मारपीट और बोतल फोड़ने जैसी घटनाएं होती रहती हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद क्षेत्र में नियमित गश्त नहीं बढ़ाई जाती। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाती, तो ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक की मौत के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

