राष्ट्र संवाद
ठाणे, मुंबई (इंद्र यादव):
ठाणे के वर्तक नगर इलाके में पुलिस ने फोटोशूट और मॉडलिंग का झांसा देकर देह व्यापार कराए जाने वाले एक संगठित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस चौंकाने वाले मामले में हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाला एक वकील रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जिसने कानून की आड़ में लड़कियों का शोषण किया।
पुलिस के अनुसार, छोटे शहरों से आई युवतियों को मॉडलिंग और शूट का लालच देकर थ्री और फाइव स्टार होटलों में भेजा जाता था, जहां उन्हें मोटी रकम लेकर प्रभावशाली ग्राहकों को सप्लाई किया जाता था। इस कार्रवाई में चार युवतियों को रेस्क्यू कर महिला सुधार गृह भेजा गया है, जिन्हें पुलिस ने पीड़ित माना है।
सीनियर पीआई प्रवीण माणे के नेतृत्व में ठाणे पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता बिनु वर्गिस की मदद से जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। हालांकि रैकेट से जुड़ी एक महिला एजेंट अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
यह मामला न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि समाज के दोहरे चरित्र को भी उजागर करता है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

