कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के नौरंगिया में मटकोर करने गई महिलाओं के साथ दर्जनों किशोरियां व बच्चे लौटते समय कुएं में गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में 13 की मौत हो गई। जिलाधिकारी राजलिंगम ने भी 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में पंप लगवाया। पानी निकालने के साथ कुएं में गिरे लोगों को निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। कुएं में 23 लोग गिरे थे। सभी को पास के अस्पताल भेजा गया। इनमें 13 की हालत गंभीर देख कर जिला अस्पताल भेजा गया। इन सभी को देखने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भीड़ इतनी जुट गयी थी कि कर्मचारी ने पहचान हुए बगैर शव मोर्चरी भेज दिये। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने कुशीनगर जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य समुचित ढंग से संचालित करने और घायलों को समुचित उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार नौरंगिया के स्कूल टोला पर रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के बेटे की गुरुवार यानि आज शादी है। वैवाहिक रस्म के क्रम में महिलाएं हल्दी की रस्म अदायगी के दौरान गांव में बाहर मटकोर करने गई थीं और उनके साथ बच्चे भी गए थे। लौटते समय रात हो गई। रास्ते में भीड़ अधिक थी। महिलाएं और किशोरियां नाचते गाते हुए लौट रही थीं। गांव में आने का रास्ता संकरा है और किनारे गहरा कुआं है। इस पर बीस साल पहले स्लैब पड़ी थी। जगह न मिलने से कुछ बच्चे और महिलाएं कुएं पर चढ़ गए। अचानक स्लैब टूट गयी और कई लोग कुएं में गिर पड़े, जिससे खुशियों का माहौल चांद मिनटों में मातम में बदल गया।