महिला से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को ग्रामीणों ने जूते-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया
खागा (देवघर)
राष्ट्र संवाद संवादाता
खागा थाना क्षेत्र के घोड़ादहा गांव में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर जूते-चप्पल की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घोड़ादहा गांव की एक महिला मंगलवार रात अपने घर में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान बगदाहा गांव निवासी उत्तम महतो, जो पेशे से चालक बताया जाता है, घर में घुस गया और महिला के साथ गलत हरकत करने का प्रयास करने लगा। महिला के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा आरोपी को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने आरोपी को रातभर निगरानी में रखा। बुधवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी को जूते-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया। ग्रामीणों का कहना था कि महिलाओं और बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने का साहस न कर सके।
हालांकि, घटना के संबंध में ग्रामीण खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि सूचना मिलने के बाद खागा पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि घोड़ादहा गांव फतेहपुर-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित है तथा देवघर और जामताड़ा जिले की सीमा के निकट पड़ता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना की चर्चा जोरों पर है। पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

