टाटा पावर पर ठेका मजदूरों से बॉन्ड भरवाने का आरोप, यूनियन ने जांच की मांग उठाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टाटा पावर मजदूर यूनियन ने कंपनी प्रबंधन पर ठेका मजदूरों से बॉन्ड भरवाकर उनके अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को साकची स्थित सीपीआई कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यूनियन नेताओं ने कहा कि वर्षों से स्थायी प्रकृति का कार्य ठेका मजदूरों से कराया जा रहा है, जबकि श्रम कानूनों के अनुसार ऐसे कार्यों में स्थायी नियुक्ति होनी चाहिए।
यूनियन के उपाध्यक्ष अंबुज कुमार ठाकुर ने बताया कि इस मामले की शिकायत उप श्रमायुक्त (DLC) को सौंप दी गई है और श्रम विभाग ने कंपनी से मंतव्य भी मांगा है। यूनियन का आरोप है कि इसी कार्रवाई के बीच प्रबंधन ठेका एजेंसियों के माध्यम से मजदूरों से बॉन्ड भरवा रहा है, ताकि उन्हें वैधानिक सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रखा जा सके।
यूनियन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा ठेका मजदूरों के हितों की रक्षा की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

