जमशेदपुर के पश्चिम विधानसभा पहुंचा सांसद बिद्युत महतो का जनसंपर्क अभियान, विभिन्न मंडल क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से भाजपा के पक्ष में मांगा आशीर्वाद, कहा- देश ने तय कर लिया है मोदी सरकार ही है बनाना।
जमशेदपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा लगातार लोगों से संर्पक एवं संवाद के जरिये समर्थन जुटा रही है। इस क्रम में, शुक्रवार को सांसद सह भाजपा प्रत्याशी बिद्युत बरण महतो ने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विभिन्न मंडल क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से आशीर्वाद और समर्थन मांगा। जनसंपर्क अभियान में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश विशेष रूप से शामिल हुए। बिद्युत महतो ने मंडल अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय निवासियों के संग जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा अंतर्गत मानगो, उलीडीह, साकची पश्चिम, बिस्टुपुर, कदमा, सोनारी मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर भाजपा के पक्ष में मतदान रूपी आशीर्वाद की अपील की। इस दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा जिंदाबाद,’ ‘नरेंद्र मोदी एवं बिद्युत महतो जिंदाबाद’ के साथ ‘अबकी बार चार सौ पार’ का नारा लगाते हुए क्षेत्र के बुजुर्ग, युवा, महिलाओं, छात्राओं, दुकानदारों, मजदूरों के साथ समाज के अन्य वर्गों से मुलाक़ात कर केंद्र की मोदी सरकार एवं बिद्युत महतो के उपलब्धियों के पत्रक भेंटकर 25 मई को ईवीएम क्रमांक 2 पर बटन दबाकर बिद्युत महतो को विजयी बनाने का आग्रह किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 19 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घाटशिला फुटबॉल मैदान में होने वाले जनसभा को लेकर लोगों को आमंत्रण पत्र भेंटकर आमंत्रित किया।अभियान के क्रम में स्थानीय लोगों, दुकानदारों, स्थानीय क्लब एवं संस्थाओं ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर बिद्युत महतो का फूल-मालाओं एवं विजयी तिलक लगाकर अभिनंदन किया और चुनाव में पूर्ण रूप से समर्थन और आशीर्वाद भरोसा दिलाया।