मुस्लिम तुष्टिकरण में नाकाम रही महागठबंधन ने जुगसलाई में धार्मिक हिंसा भड़काया : भाजपा
महागठबंधन ने की है हिंसा फ़ैलाने की नापाक कोशिश : दिनेश
पत्थरबाजों को चेताया, जमशेदपुर को कश्मीर और केरल नहीं बनने देंगे : दिनेश
जुगसलाई में रविवार को मतदान के दौरान हुए हिंसक घटना पर तीव्र प्रतिक्रिया ज़ाहिर करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और महागठबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने घटना के अगली शाम को प्रेस विज्ञप्ति ज़ाहिर कर इस हिंसक घटना को लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कड़े शब्दों में निंदा किया। भाजपा ने कहा कि जमशेदपुर संसदीय सीट पर कई स्थानों पर मुसलमानों ने खुलकर भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। मुस्लिम तुष्टिकरण में विफल रही जेएमएम और महागठबंधन में शामिल पार्टियों ने योजनाबद्ध तरीक़े से जुगसलाई में हिंसक घटना को अंजाम दिया और शहर को अशांत करने की नापाक कोशिशें की है। भाजपा ने आरोप लगाया कि जेएमएम दुमका की सीट हाथ से फ़िसलती देख बौखला गई है। जमशेदपुर में सांप्रदायिक हिंसा फ़ैलाकर संथाल परगना के चुनावों में इसे भुनाने का कुत्सित प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कड़े शब्दों में पत्थरबाजों को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकारें सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा में आस्था रखती हैं। अल्पसंख्यक वर्गों में धीरे-धीरे भाजपा के प्रति विचारधारा बदल रही है। कहा कि जमशेदपुर में अमनपसंद लोग रहते हैं। यहाँ केरल और कश्मीर जैसी सांप्रदायिक तनाव बर्दाश्त नहीं किये जायेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने जुगसलाई की हिंसक घटना में झारखंड मुक्ति मोर्चा और महागठबंधन का हाथ बताते हुए सवाल किया कि ऐसी धार्मिक हिंसक घटनाएं, चुनाव की पूर्व संध्या पर भाजपा के अनुसूचित जनजाति कार्यकर्ता की हत्या केवल चुनाव के दरम्यान ही क्यों ?।इस घटना का षडयंत्र रचने वालों और अभियुक्तों पर कड़ी कार्यवाई की माँग भारतीय जनता पार्टी ने की है।