प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने बुधवार काे प्रदेश कांग्रेस का सदस्यता अभियान काे लांच किया। सदस्यता अभियान का शुभारंभ कचहरी चाैक स्थित पंचवटी प्लाजा के सामने किया गया। इस अवसर पर समाज के महत्वपूर्ण लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई।
इसके पूर्व पश्चिमी सिंहभूम लोकसभा की कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा ने झंडोतोलन किया एवं सेवा दल द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस ने राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया कि कांग्रेस ने इस बार 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस ने तय किया है कि दूसरे राजनीतिक दल को छोड़कर पार्टी में शामिल होने वाले नेता दो साल तक पार्टी में किसी पद के हकदार नहीं होंगे और तीन साल तक चुनाव लड़ने की दावेदारी स्वीकार नहीं हाेगी।
विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी छोड़कर गए नेता छह वर्ष तक पार्टी में शामिल नहीं हाे सकेंगे अाैर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की पूर्व अनुमति से दूसरे दल के नेता काे ही कांग्रेस में सदस्यता मिलेगी। सदस्यता अभियान प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने डाॅ. राजेश गुप्ता के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री बन्ना गुप्ता को कांग्रेस का सदस्य बनाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस संविधान को हम आगे बढ़ाएंगे। संगठन को आगे बढ़ाना हमारी पहली प्राथमिता है। जो संविधान में विश्वास रखते हैं, वहीं कांग्रेसी है। देश का इतिहास और कांग्रेस का इतिहास दोनों समान है। विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि पूरे प्रदेश में सदस्यता को एक अभियान के रूप में लिया जाएगा और ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दी जाएगी। सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी दुनिया की सबसे बड़ी एवं मजबूत पार्टी है।