टेल्को में कार एक्सीडेंट में मृत साढ़े चार वर्षीय बच्चा (अभिषेक सिंह उर्फ़ गोलू) को पोस्टमार्टम के बाद साधुडेरा स्थित घर ले जाया गया जहाँ माहौल पूरी तरह गमगीन था। बच्चे की माँ (शालिनी) , पिता और परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल था। सभी अपने कलेजे के टुकड़े को सीने से लगाकर रो रहे थें। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ थी। लोग आरोपित कार चालक की गिरफ़्तारी की माँग कर रहे थे। बच्चे का इसी सत्र में लोयोला स्कूल, टेल्को में ukg में दाखिला कराया गया था। बच्चे के पिता निखिल सिंह व्यवसायी हैं और आजसू पार्टी से भी जुड़े हैं।
बच्चे के पिता निखिल सिंह स्कूटी चला रहे थें। ब्रेज़ा कार के तेज़ धक्के से स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गयी। पिता के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं है। बच्चे अपने पिता के संग टेल्को स्थित क्वार्टर से साधुडेरा स्थित आवास जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चे के मामा (बबलू सिंह एवं डब्लू सिंह) राँची से जमशेदपुर स्थित घर पहुंच गये। उनके आने के बाद टेल्को थाना में लिखित शिकायत दर्ज़ कराई गयी। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव शाम क़रीब पाँच बजे उनके घर पहुंचा। जहाँ से दाह-संस्कार के लिए भुइंयाडीह स्थित बर्निंग घाट ले जाया गया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिवार वालों में काफ़ी आक्रोश व्याप्त है। परिवार वालें कार चालक की गिरफ्तारी की माँग कर रहे थे। चालक महिला है जो टाटा मोटर्स के टाउन एडमिनिस्ट्रेशन के हेड वीएन सिंह की पत्नी बताई जा रही हैं। घटना स्थल पर जुटे लोगों के अनुसार महिला नशे में धुत थी जिन्हें टाटा मोटर्स के सुरक्षाकर्मियों ने कार से निकालकर नज़दीक के एक क्वार्टर में छिपाया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंचीं। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है और आरोपी के धर-पकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। मृत बच्चे के पिता निखिल सिंह और मामा बबलू सिंह ने बताया की एक्सीडेंट का बाद से ही टेल्को कंपनी से जुड़े अधिकारी और स्थानीय नेता इस घटना को मैनेज करने में सक्रिय हो गए थे। इसके लिए परिवार को समझौता के लिए रुपये की पेशकश भी किया गया जिसे घरवालों ने ठुकरा दिया। बच्चे के परिजन इंसाफ़ चाहते हैं और आरोपी महिला चालक की गिरफ़्तारी की माँग की गयी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से विभिन्न दलों से जुड़े लोगों ने परिवारजनों से मिलकर शोक जताया।
घटना स्थल से स्कूटी को ठोकर मारने के बाद ब्रेज़ा चालक ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक और बच्ची स्कूटी सवार को अपने चपेट में लिया। बच्ची मानगो की रहने वाली बताई जा रही है, जो आज अपने जन्मदिन के अवसर पर भुवनेश्वरी मंदिर से पूजा कर लौट रही थी। बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है जो टीएमएच अस्पताल के आइसीयू में भर्ती है।